
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत शराब भट्टी में उत्पात मचाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान आशीष उर्फ अस्सु ठाकुर (34 वर्ष), निवासी कोटमीसोनार थाना अकलतरा के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अगस्त की शाम लगभग 5 बजे आरोपी आशीष ठाकुर शराब के नशे में अकलतरा स्थित शराब भट्टी पहुंचा और वहां शराब एवं पैसे की मांग करने लगा। जब सेल्समैन और मैनेजर ने उसकी मांग पूरी करने से मना किया तो आरोपी काउंटर के अंदर घुस गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इस दौरान उसने मारपीट भी की। प्रार्थी मुकेश कुमार नायक की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 383/25 धारा 296, 251(2), 115(2), 333, 119(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी आशीष ठाकुर के विरुद्ध पूर्व में भी जुआ एक्ट, एससी-एसटी एक्ट सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है, लेकिन उसके आचरण में सुधार नहीं हुआ। इस कारण उसके विरुद्ध गुंडा-बदमाश फाइल तैयार की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा तथा थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










