
KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सूरजपुर जिले के तिलसिवां में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ करते हुए जिले को 211 करोड़ 33 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 78 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 37 कार्यों का लोकार्पण किया और 132 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से 55 कार्यों का भूमि पूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सूरजपुर के नए बस स्टैंड स्थित अटल परिसर में भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया। साथ ही किसान मेला सह जैविक मेला का शुभारंभ किया गया, जिसमें किसानों के लिए कृषि यंत्र, बीज, जैविक खाद, कीटनाशक और नवीनतम तकनीक की प्रदर्शनी लगाई गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने उद्बोधन में छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्ष को गौरवशाली अवसर बताते हुए कहा कि राज्य ने 25 वर्षों में विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ है। उन्होंने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर यहां के लोगों को नई पहचान दी।
मुख्यमंत्री ने मोदी की गारंटी के अंतर्गत राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए धान खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता, किसानों को धान बोनस, भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक मदद, रामलला दर्शन योजना, बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा योजना और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी योजनाओं की जानकारी दी।
नक्सल उन्मूलन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्रदेश से नक्सलवाद समाप्त करने के प्रयास तेज हैं और मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रेरणा से ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। उन्होंने राज्य में सड़क, पुल-पुलियों, पेयजल आपूर्ति और शहरी विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें मछली पालन विभाग से नाव-जाल और आइस बॉक्स, समाज कल्याण विभाग से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, स्वास्थ्य विभाग से आयुष्मान व सिकल सेल कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की चाबियां, महिला समूहों को ऋण चेक, कृषि विभाग से सिंचाई पंप, बीज और अनुदान शामिल हैं। साथ ही एसईसीएल भटगांव क्षेत्र के 25 हितग्राहियों को रोजगार स्वीकृति आदेश भी प्रदान किए गए।
समारोह में पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रमणी पैकरा, जनप्रतिनिधि श्रीमती रेखा राजवाड़े, लवकेश पैकरा, रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










