
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में एक गंभीर बैंक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां सेवा सहकारी समिति के संस्था प्रभारी ने बैंक के कर्मचारी/अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर किसान के खाते से 5,50,000 रुपये फर्जी तरीके से निकाल लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटमीसोनार निवासी किसान लक्ष्मीलाल पटेल का खाता सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा अकलतरा में संचालित है। खाते में धान बिक्री की राशि जमा थी। जब किसान ने बैंक पहुंचकर अपना खाता चेक कराया तो पता चला कि बिना उसकी जानकारी के लाखों रुपये आहरित कर लिए गए हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी संस्था प्रभारी पहले भी किसानों की राशि हड़पने और फर्जी लेन-देन करने में लिप्त रहा है। इस बार उसने बैंक कर्मचारियों की सांठगांठ से बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की।
पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादंवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। वर्तमान में आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।










