"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कलेक्टर ने उप पंजीयक कार्यालय और स्कूल का किया निरीक्षण

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज पामगढ़ क्षेत्र में निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय प्राथमिक विद्यालय मेहंदी पहुंचकर कक्षाओं का जायजा लिया और बच्चों से सीधे संवाद किया।

कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से गणित और भाषा विषय से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों द्वारा दिए गए सही उत्तरों पर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया। शिक्षकों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गणित के अधिक से अधिक प्रश्नों का अभ्यास कराया जाए।

मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को पौष्टिक भोजन मिले और भोजन में नियमित रूप से हरी सब्जियों को शामिल किया जाए। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में मुनंगा (सहजन) का पौधा लगाने और किचन गार्डन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और पोषण दोनों बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके पश्चात कलेक्टर ने उप पंजीयक कार्यालय पामगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने रजिस्ट्री कार्यों की संख्या, नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं तथा ऑनलाइन नामांतरण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के समय एसडीएम पामगढ़  देवेंद्र चौधरी, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More