
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में थाना बिर्रा पुलिस ने आज अपनी संवेदनशीलता और ईमानदारी का परिचय देते हुए एक व्यक्ति के गुम हुए 1 लाख रुपये सकुशल वापस दिलाए। इस घटना से आमजन के बीच पुलिस और समाज की सकारात्मक छवि और मजबूत हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिलादेही स्थित दादू ढाबा में ध्रुव कुमार अग्रवाल पिता सुभाष अग्रवाल, निवासी जैजैपुर भोजन करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे अपने पास रखे बैग में 1 लाख रुपये भूलकर ढाबा से चले गए। बाद में ढाबा मालिक भूपेंद्र साहू को बैग मिला।
ढाबा मालिक ने बिना देर किए पूरी ईमानदारी दिखाते हुए उक्त बैग को थाना बिर्रा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बैग की जांच-पड़ताल के बाद ध्रुव कुमार अग्रवाल को बुलाकर उनकी पहचान सुनिश्चित की और उन्हें उनकी राशि सकुशल 1 लाख रुपये लौटा दी।
इस सराहनीय कार्य पर थाना बिर्रा पुलिस एवं ढाबा मालिक भूपेंद्र साहू की जमकर प्रशंसा हो रही है। पुलिस अधीक्षक ने भी इस ईमानदारी और जिम्मेदारी भरे कदम को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
यह घटना साबित करती है कि ईमानदारी और सजगता से न केवल किसी का बड़ा नुकसान टल सकता है बल्कि समाज में आपसी विश्वास और भरोसा भी मजबूत होता है।










