
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान दौरे की शुरुआत टोक्यो स्थित ‘लिटिल इंडिया’ से की। यहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि बापू का शांति और सद्भाव का अमर संदेश केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वभर में मानवता के लिए मार्गदर्शन का काम करता है। गांधीजी के विचार आज भी दुनिया के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांत सामाजिक सद्भाव, सहयोग और एकता को मजबूती प्रदान करते हैं। उनका यह संदेश आज वैश्विक स्तर पर मानव मूल्यों और शांति को कायम रखने का आधार बन चुका है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय इन दिनों छत्तीसगढ़ में निवेश और औद्योगिक संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जापान दौरे पर हैं। वे यहां निवेशकों, उद्योगपतियों और भारतीय समुदाय से मुलाकात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि जापान जैसे विकसित देशों के साथ सहयोग से छत्तीसगढ़ व्यापार, तकनीक और औद्योगिक विकास की दिशा में नए अवसरों को हासिल करेगा।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा से न केवल आर्थिक और औद्योगिक संबंध मजबूत होंगे, बल्कि भारत-जापान की सांस्कृतिक और मानवीय साझेदारी को भी नई ऊँचाई मिलेगी।










