
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की नीयत से घर में घुसने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान चेतन महंती (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 38, थाना जीआरपी भिलाई-3, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हसिया भी जब्त किया है।
घटना 24 अगस्त की रात करीब 1 बजे की है, जब आरोपी कल्याणपुर निवासी राकेश दास के घर में घुस गया। उस समय घर की महिला सदस्य बरामदे में सो रही थीं। आरोपी ने उनके गले से मंगलसूत्र लूटने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर परिजन जाग गए, जिस पर आरोपी ने हसिया गले पर रखकर जान से मारने की धमकी दी।
आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया और अकलतरा पुलिस व डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 405/2025 धारा 331(4), 351(3), 115(2), 309(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया, सउनि अशोक कश्यप, बी.पी. खाण्डेकर और प्र.आर. अनिल हंसराज की सराहनीय भूमिका रही।










