
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मरों से कॉपर मेटल पार्ट्स चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 09 नग कॉपर मेटल पार्ट्स कांटेक्ट एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर (क्रमांक CG 11 BC 3536) बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है –
पवन कुमार सिदार (42 वर्ष), निवासी पथरी पारा कोरबा, हाल मुकाम बाबा डेरा लछनपुर, थाना जांजगीर।
अर्जुन सिंह कंवर (40 वर्ष), निवासी कोरवापारा चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।
मामला कैसे खुला?
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के सहायक यंत्री भूपेंद्र साहू ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 अगस्त को घटोली चौक चांपा में लगे ट्रांसफार्मर से कॉपर मेटल पार्ट्स चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान पाया गया कि थाना क्षेत्र में लगे 18 से अधिक ट्रांसफार्मरों के डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स से कॉपर पार्ट्स चोरी हो चुके हैं। इसी तरह 26 अगस्त को नया बस स्टैंड रोड के पास कृष्णा अस्पताल के सामने लगे ट्रांसफार्मर से भी कॉपर पार्ट्स चोरी पाए गए थे।
पुलिस की कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पांडे के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस लगातार जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पवन कुमार सिदार और अर्जुन सिंह कंवर चोरी किए गए कॉपर पार्ट्स बेचने की फिराक में घूम रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और SDOP चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया, जिसके बाद बरामदगी की गई और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कानूनी धाराएं
आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 3(5) BNS, विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136 एवं लोक संपत्ति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की गई है।
योगदान
इस सफलता में निरीक्षक जे.पी. गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा), एएसआई बाबूलाल दिवाकर, प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू, आरक्षक कैलाश यादव, राजेश कश्यप, आकाश कलीसिया और भूपेंद्र गोस्वामी की सराहनीय भूमिका रही।










