
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिक बालिका के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी नाबालिक को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर सुरक्षित बरामद किया।
मामला 22 अगस्त 2025 का है, जब एक नाबालिक बालिका घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी राजवीर यादव उर्फ बिट्टू, निवासी थाना उरगा जिला कोरबा, बालिका को अपने कब्जे में लेकर फरार हो गया है।
पुलिस ने सटीक मुखबिरी और प्रयासों से आरोपी को गिरफ्तार किया और नाबालिक को उसके कब्जे से बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिक को शादी का झांसा देकर अनाचार करने का अपराध स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन और निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी चांपा, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक लंबोदर सिंह, आरक्षक वीरेश सिंह एवं खेमचरण राठौर की अहम भूमिका रही।










