
KPN24:- महालेखाकार रायपुर के निर्देशन में सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) से जुड़े लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए 17 से 19 सितम्बर 2025 तक तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला कोषालय, जांजगीर में आयोजित होगा।
वरिष्ठ कोषालय अधिकारी डॉ. रूपेश पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में क्रेडिट/डेबिट अनपोस्ट, डोरमेंट, मिसिंग क्रेडिट, सेवानिवृत्त एवं मृत शासकीय सेवकों के अप्राप्त पीएफ से जुड़े मामलों का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को जिला कोषालय द्वारा लंबित प्रकरणों की सूची भेजी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि संबंधित अभिदाता अपने आहरण एवं संवितरण अधिकारी के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर शिविर में उपस्थित होकर अपने प्रकरणों का निराकरण करा सकते हैं। साथ ही ऐसे अभिदाता जिनकी लेखा पर्ची ऋणात्मक है, वे ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन अंतिम भुगतान प्रकरण तैयार कर प्रस्तुत करें, जिससे निराकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जा सके।
इस शिविर के आयोजन से जिले के सैकड़ों शासकीय सेवकों एवं उनके परिजनों को राहत मिलने की संभावना है।










