"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से, रायपुर एवं राजिम के मध्य यात्री सुविधा में हुई बढ़ोतरी

KPN24:- छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजिम में नई रेल सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने राजिम से रायपुर के लिए नई मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही रायपुर-अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का विस्तार भी राजिम तक किया गया। भारी संख्या में यात्री इस अवसर पर ट्रेन में सवार हुए और उत्साहपूर्वक रायपुर की ओर रवाना हुए। नई रेल सुविधा मिलने से पूरे क्षेत्र में खुशी और उल्लास का वातावरण बना।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस रेल सेवा से राजिम सहित गरियाबंद एवं देवभोग क्षेत्र के लोगों को राजधानी रायपुर तक सस्ती और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा। विद्यार्थी, नौकरीपेशा और व्यापारी वर्ग सभी को इसका लाभ होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रयाग, राजिम अब सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। ग्रामीण अंचलों से रायपुर तक की यात्रा अब और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आशीर्वाद से प्रदेश में बीते 19 महीनों से विकास की गति निरंतर बढ़ रही है। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से हो रहा निवेश आने वाली पीढ़ियों के लिए नया भविष्य गढ़ेगा। उन्होंने याद दिलाया कि लगभग आठ वर्ष पूर्व धमतरी से रायपुर तक नैरोगेज ट्रेन चलती थी और अब इतने वर्षों बाद क्षेत्र को ब्रॉडगेज ट्रेन सुविधा मिली है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री साय ने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रदेश में लगभग 45,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं संचालित हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में लगभग 7,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में रेल सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।

इस अवसर पर वन मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, अभनपुर विधायक इन्द्रकुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस सेवा से राजिम तक सीधी रेल पहुँच संभव हुई है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि 22 मई को ‘निर्मल भारत रेलवे स्टेशन’ योजना में देश के 103 स्टेशनों को चुना गया, जिनमें छत्तीसगढ़ के पाँच स्टेशन शामिल हैं। प्रदेश में चल रही लगभग 45,000 करोड़ की परियोजनाओं से बस्तर और रावघाट जैसे क्षेत्रों को भी लाभ होगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजिम धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। नई ट्रेन सुविधा से साधु-संतों और पर्यटकों को रायपुर से राजिम आने-जाने में सहूलियत मिलेगी, जिससे पर्यटन और स्थानीय विकास को नई दिशा मिलेगी।

महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि श्रद्धालु एवं पर्यटक अब राजिम से सीधे डोंगरगढ़ तक यात्रा कर सकेंगे।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, 19 सितम्बर 2025 से गाड़ी संख्या 68766/68767 राजिम-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन नियमित रूप से चलेगी। इस ट्रेन में 6 सामान्य श्रेणी के डिब्बे और 2 पावरकार सहित कुल 8 कोच होंगे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More