
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की पहल पर ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आकाशवाणी रायपुर से “दीदी के गोठ” रेडियो कार्यक्रम का दूसरा एपिसोड प्रसारित किया गया। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से यह कार्यक्रम सुना।
“दीदी के गोठ” का मुख्य उद्देश्य स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की कहानियों को उनकी जुबानी समाज तक पहुँचाना और सामूहिक प्रयास के जरिए आत्मविश्वास का संदेश देना है। इस बार प्रसारित एपिसोड में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से जुड़ी जानकारियाँ और हितग्राहियों की प्रेरक कहानियाँ साझा की गईं।
जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम मेऊ में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी उपस्थित रहीं। उन्होंने स्व-सहायता समूह की दीदियों से चर्चा कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रमिला अजय साहू, शिवेंद्र प्रताप सिंह, राजकुमार साहू, पुष्पेंद्र सिंह, अजय कुमार साहू, सीईओ जनपद पंचायत पामगढ़ श्री मणि शंकर कौशिक तथा अतिरिक्त सीईओ श्रीमती रूपलता बुनकर भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा” की शपथ दिलाई गई। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ स्वच्छता समूह सदस्य, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच, आवास मित्र और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।










