
मनीष विद्यार्थी, बुरहानपुर।
KPN24:- बुरहानपुर नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म (अगली पीढ़ी के लिए जीएसटी सुधार) सोमवार से पूरे देश में लागू हो गए। इसे लेकर जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान के तहत बुरहानपुर में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, पूर्व महापौर अतुल पटेल, अनिल भोसले, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप श्रॉफ सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि सड़क पर उतरे।
कमल टॉकीज चौक से गांधी चौक और फव्वारा चौक तक जनप्रतिनिधियों ने कारोबारियों से मुलाकात की और ग्राहकों से भी संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया जानी। सांसद ने दुकानों पर स्वयं जीएसटी की घटी दरों का स्टीकर चस्पा किया और व्यापारियों से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा दिए गए इस “उपहार” का लाभ ग्राहकों तक अवश्य पहुँचाएं। साथ ही ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ का पोस्टर भी प्रतिष्ठानों पर लगाने का आह्वान किया।
गुलाब का फूल देकर किया संवाद
अभियान के दौरान सांसद व जनप्रतिनिधियों ने दुकानों पर जाकर व्यापारियों और ग्राहकों को गुलाब का फूल और जीएसटी से जुड़ा स्टीकर भेंट किया। उन्होंने समझाया कि नई दरों से ग्राहकों की जेब पर बोझ कम होगा और कारोबारियों का व्यापार और अधिक समृद्ध होगा।
आमजनमानस की बचत में होगी वृद्धि
सांसद श्री पाटील ने कहा कि सुधार एक सतत प्रक्रिया है। समय और जरूरतों के साथ रिफॉर्म लाना अनिवार्य होता है। जीएसटी परिषद ने 3 सितंबर की बैठक में जो कर सुधारों का निर्णय लिया था, वह अब प्रभावी हो गया है। इससे आमजनमानस की बचत बढ़ेगी और हर वर्ग – गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्ग, व्यापारी, उद्यमी, युवा और महिलाएं – त्योहारों के इस मौसम में अधिक सस्ते और आसानी से अपनी पसंद की चीजें खरीद सकेंगे।
व्यापारियों और ग्राहकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम व्यापार और उपभोक्ता, दोनों के लिए लाभकारी साबित होगा।










