
मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर का ज्योति नगर उत्साह और आस्था का केंद्र बना हुआ है। तिरुपति बालाजी मंदिर परिसर में सजाए गए पंडाल में झूले पर विराजित मां दुर्गा का दिव्य दरबार अपनी अनूठी छटा से श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। आधुनिक साज-सज्जा और धार्मिक भावनाओं के संगम से सजा यह पंडाल सोशल मीडिया पर भी खूब ट्रेड कर रहा है।
हर साल की तरह इस बार भी ज्योति नगर में गरबे का विशेष आयोजन किया जा रहा है। यहां हो रहे गरबे न केवल शहरवासियों बल्कि आसपास के ग्रामीणों और प्रदेश के बाहर से आए श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। आयोजन को और भव्य बनाने के लिए विभिन्न डांस अकादमियों और नृत्य कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।
आयोजन समिति अध्यक्ष इंजीनियर नीतिन मालवीय ने बताया कि “ज्योति नगर का गरबा सिर्फ नृत्य मंच नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक उत्सव है, जहां कला, भक्ति और सामूहिकता की भावना जीवंत हो उठती है। जब हजारों की संख्या में भक्त माता के भक्ति गीतों पर थिरकते हैं तो वातावरण में अद्वितीय उल्लास और श्रद्धा की लहर दौड़ जाती है।”
प्रचार प्रमुख दिलीप सोनी ने कहा कि यहां की संगीतमय शाम हर किसी को अपनी ओर खींच रही है। रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर गरबा प्रस्तुतियों का आनंद ले रहे हैं।
समिति के सदस्य पुष्पेंद्र राठौर, सचिन मालवीय, पंचानन राठौर, महेंद्र जायसवाल, राजेश परमार्थी, प्रभात परमार्थी, हरीश पाल और प्रमोद जोशी ने बताया कि दुधिया रोशनी से सराबोर पंडाल में जब बालिकाएं और महिलाएं पारंपरिक परिधानों में प्रस्तुति देती हैं, तो ऐसा प्रतीत होता है मानो माता स्वयं उनके बीच विराजमान होकर भक्तों को आशीर्वाद दे रही हों।










