
मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- शहर के ज्योति नगर में नवरात्र उत्सव की धूम लगातार चरम पर है। माता का दिव्य दरबार जहां भक्तों का आस्था केंद्र बना हुआ है, वहीं यहां आयोजित गरबा उत्सव भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आयोजन समिति अध्यक्ष इंजी. नीतिन मालवीय ने बताया कि बीती रात मुंबई से आमंत्रित सांस्कृतिक दल ने संगीत, नृत्य और पारंपरिक कलाओं की अद्भुत प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने न केवल धार्मिक भाव जगाए बल्कि वीर योद्धाओं के शौर्य और पराक्रम का मंचन भी किया। विविध परंपराओं और आधुनिकता का यह संगम भारत की सांस्कृतिक आत्मा और विरासत को उजागर करता नजर आया।
समिति प्रचार प्रमुख दिलीप सोनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत कॉलोनी की बालिकाओं और महिलाओं की प्रस्तुतियों से हुई। स्थानीय गरबा टीमों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से उत्सव का माहौल जीवंत कर दिया। इसके बाद 40 से अधिक सदस्यों वाली आमंत्रित मुंबई की टीम ने गणेश वंदना, बाहुबली हनुमान, रणछोड़ गरबा, डांडिया गरबा, निमाड़ की गणगौर, महिषासुर वध, नरसिम्हा अवतार और छावा एक्ट की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
संगीत, ताल और लय पर आधारित इन प्रस्तुतियों में कलाकारों की वेशभूषा और अभिनय ने परिसर को तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा दिया। विशेष रूप से नरसिम्हा अवतार, बाहुबली हनुमान और छावा एक्ट को दर्शकों से भरपूर सराहना मिली। छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम पर आधारित छावा एक्ट ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में राजेश पाल, राघवेंद्र आचार्य, प्रकाश चौरे, मनीष गडकरी, पुष्पेंद्र राठौर, सचिन मालवीय, महेंद्र जायसवाल, प्रमोद जोशी सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। माता की महाआरती का सौभाग्य पत्रकारों एवं अभिभाषक संघ को मिला। सामूहिक आरती के बाद गणेश वंदना से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत हुई।










