
मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- निमाड़ की तपती धूप के बीच कृषि उपज मंडी शेड में आयोजित ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और उसके दिग्गज नेताओं पर जमकर निशाना साधा। दोपहर 1 बजे शुरू हुए इस आयोजन का संचालन जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक ने किया।
मंच पर कांग्रेस के दिग्गज नेता संजय दत्त, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधो, बाला बच्चन सहित विधायक झूमा सोलंकी, कैदार डावर, मोंटू सोलंकी और ग्यारसीलाल रावत मौजूद रहे। कार्यक्रम में सत्ताधारी दल को घेरते हुए नेताओं ने कई आरोप गिनाए और किसानों के हक में आवाज बुलंद की।
पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री की घोषित पाँच गारंटियों का जिक्र करते हुए कहा कि एक भी पूरी नहीं हुई। उन्होंने अवैध शराब तस्करी और गौमांस को जीएसटी फ्री करने के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
इसी दौरान पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधो ने इंदौर भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी “मानसिक हालत खराब हो चुकी है और वे जब-तब अनर्गल बयान देते रहते हैं।” साधो के इन बिगड़े बोलों का समर्थन करते हुए जीतू पटवारी ने भी मंच से विजयवर्गीय पर उसी भाषा का प्रयोग किया और कार्यकर्ताओं से हर चौराहे पर उनका पुतला दहन करने का आव्हान किया।
पटवारी ने इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सभा के अंत में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प भी दिलाया।










