
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने गंभीर अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई करते हुए जिले के दो ग्राम पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ग्राम पंचायत लच्छनपुर के सचिव रमाशंकर कश्यप के खिलाफ जनपद पंचायत बम्हनीडीह द्वारा गठित जांच दल ने पाया कि पंचायत के 13 कार्यों में लगभग 6 लाख 55 हजार 324 रुपए की राशि का अनियमित व्यय किया गया है। कई स्थलों पर कार्य नहीं पाए गए। सचिव से मांगे गए स्पष्टीकरण को असंतोषजनक मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत बम्हनीडीह कार्यालय रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
इसी तरह, ग्राम पंचायत कर्रा के सचिव बुधराम कश्यप के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में गड़बड़ी पाई गई। जनपद पंचायत नवागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 23 सितम्बर को किए गए निरीक्षण में हितग्राहियों से चर्चा एवं भौतिक सत्यापन के दौरान गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। सचिव द्वारा दिया गया उत्तर एवं स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर जिला पंचायत सीईओ ने उन्हें भी निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत नवागढ़ कार्यालय रहेगा तथा उन्हें भी नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार दोनों सचिवों का आचरण लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं वरिष्ठ अधिकारियों की अवहेलना की श्रेणी में पाया गया, जो छत्तीसगढ़ पंचायत (आचरण) नियम 1998 के विपरीत है।










