"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अब सबरिया समाज आत्मनिर्भरता की ओर- सामाजिक पुलिसिंग की अनोखी पहल

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय द्वारा जिले में सामाजिक पुलिसिंग के अंतर्गत नई दिशा में कदम बढ़ाते हुए सबरिया समाज को आत्मनिर्भर बनाने की सराहनीय पहल की गई है। इसी श्रृंखला में पुलिस अधीक्षक स्वयं जिले के लगभग 150 सबरिया समाज के लोगों को स्वरोजगार के अवसर से जोड़ने के उद्देश्य से लैलूंगा (रायगढ़) में आयोजित गेंदा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल कराएंगे।

यह कार्यक्रम दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को रायगढ़ जिले के ग्राम कोड़केल में आयोजित होगा, जिसमें गेंदा खेती के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विद्याधर पटेल (गेंदा वाला) भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। उनके द्वारा बड़े पैमाने पर गेंदा की खेती कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का सफल उदाहरण प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय का मानना है कि समाज का कमजोर वर्ग यदि आत्मनिर्भर बनेगा, तो वह किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों से स्वयं को दूर रख सकेगा। यही कारण है कि सबरिया समाज को अब स्वरोजगार, कौशल विकास और कृषि आधारित प्रशिक्षण से जोड़ा जा रहा है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को गेंदा फूल की उन्नत खेती, विपणन और आय सृजन की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे जिले में लौटकर स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकें।

पुलिस अधीक्षक की इस जनोन्मुख पहल का सकारात्मक प्रभाव अब जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सबरिया समाज के लोग अब अवैध शराब बिक्री से दूरी बनाकर स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ रहे हैं — जो जिले में सामाजिक परिवर्तन की नई मिसाल बन रहा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More