
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप जिले में हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आज कलेक्टर एवं अध्यक्ष जल जीवन मिशन जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, कार्यपालन अभियंता आदित्य प्रताप, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री महोबे ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन योजना के तहत जिन ग्रामों में कार्य पूर्ण हो गया है, वहां हर घर जल अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी 135 प्रमाणीकृत गांवों में जल प्रदाय योजनाएं शत-प्रतिशत संचालित हों, ताकि किसी भी घर को पानी की कमी न झेलनी पड़े।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की प्राथमिक योजना है, अतः इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों के पालन और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रगतिरत समूह जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा की और कहा कि जिन परियोजनाओं में कार्य धीमा है, उन्हें शीघ्र गति दी जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से प्रस्तुत करें।
कलेक्टर श्री महोबे ने यह भी कहा कि ग्राम पंचायतों को जल जीवन मिशन के संचालन की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से सौंपी जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर निगरानी और रखरखाव की व्यवस्था मजबूत हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्योत्सव से पूर्व सभी जल प्रदाय योजनाओं को पूर्ण रूप से चालू किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने अंत में कहा कि यह योजना जनता के जीवन से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, इसलिए इसकी दैनिक मॉनिटरिंग और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप हर घर तक जल पहुंचाने का लक्ष्य साकार हो सके।










