
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के कोतवाली थाना जांजगीर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही व्यक्ति उसकी हत्या का आरोपी निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को भरत लाल राठौर पिता स्व. घासीराम राठौर (उम्र 52 वर्ष, निवासी बाजार पुटपुरा, थाना जांजगीर) ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी सरस्वती राठौर (उम्र 48 वर्ष) दिनांक 16 अक्टूबर 2025 की दरमियानी रात घर से बिना बताए कहीं चली गई है। जिस पर पुलिस ने गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर पतासाजी शुरू की।
जांच के दौरान दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को सरस्वती राठौर का शव गांव के तालाब में डूबा हुआ मिला। शव का पंचनामा एवं मर्ग जांच की गई। मर्ग जांच के दौरान मृतिका के गले में रस्सी से बंधी दो ईंटें पाई गईं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतिका के परिजनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी भरत राठौर अत्यधिक शराब एवं गांजा का सेवन करता था, जिससे मृतिका परेशान रहती थी। वह अपने पति को बार-बार नशा करने से मना करती थी, जिसके चलते दोनों में अक्सर विवाद होता था।
जांच के दौरान प्रथम दृष्टया पाया गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी की तालाब के पानी में डुबोकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए गले में ईंट बांध दी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन एवं सीएसपी जांजगीर सुश्री योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 103(1), 238(ए) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए 19 अक्टूबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडे, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक जीवंती कुजूर एवं पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।










