"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मल्दा में मां लक्ष्मी पूजा उत्सव का हुआ भव्य समापन:-धार्मिक आस्था और भक्ति संगीत से गूंजा ठाकुर देव पारा — जसगीत प्रतियोगिता में विजेता दलों का हुआ सम्मान

KPN24 :- दीपावली के पावन अवसर पर नव युवक जय मां लक्ष्मी पूजा उत्सव समिति मल्दा के तत्वावधान में गौरव ग्राम पंचायत मल्दा के ठाकुर देव पारा में आयोजित पांच दिवसीय मां लक्ष्मी पूजा उत्सव का भव्य समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उत्साह से परिपूर्ण रहा।

उत्सव के दौरान जसगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पारंपरिक देवी भजनों की मधुर ध्वनियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस प्रतियोगिता में दो विधाओं — सादा जसगीत और झांकी जसगीत — में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी।

सादा जसगीत में जय ठाकुर देव जसगीत पार्टी (ग्राम बिर्रा) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 13,000 रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि जय मां कंकालीन दाई जसगीत पार्टी (नेगुरडीह) को 11,000 रुपये का द्वितीय पुरस्कार मिला। तीसरा स्थान जय लाला चौरा जसगीत पार्टी (पेंड्री) को 9,000 रुपये तथा चौथा और पांचवा स्थान क्रमशः जय बजरंग जसगीत पार्टी (ओंडेकेरा) और श्रीराम जसगीत पार्टी (गोधना) को मिला।

झांकी जसगीत में जय मां गौटिन दाई जसगीत पार्टी (ग्राम बोरसी) ने अपनी अद्भुत झांकी व भक्ति प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया और 13,000 रुपये के प्रथम पुरस्कार से सम्मानित हुई। द्वितीय पुरस्कार जय बजरंगी माता सेवा पार्टी (लिमतरा) को 11,000 रुपये, तृतीय नवकलसा जसगीत पार्टी (ओरदा) को 9,000 रुपये, चतुर्थ जय मां मड़वारानी जसगीत पार्टी (कपिस्दा) को 7,000 रुपये और पंचम जय महामाया गीत पार्टी (सोनादह) को 5,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त बेस्ट मांडर वादक का पुरस्कार ग्राम पेंड्री को, बेस्ट गायक का सम्मान ग्राम नेगुरडीह को तथा सर्वश्रेष्ठ झांकी का सम्मान ग्राम बोरसी को प्रदान किया गया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सितेश कुमार कश्यप, उपाध्यक्ष लेखराम कश्यप, सचिव विनोद कुमार देवांगन और कोषाध्यक्ष रमेश कुमार कश्यप ने बताया कि मां लक्ष्मी की आराधना के साथ गांव में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त करने का यह उत्सव हर वर्ष धूमधाम से आयोजित किया जाता है।

मुख्य यजमान अमृत लाल देवांगन एवं श्रीमती सुलोचना देवांगन, मनोज देवांगन एवं श्रीमती गीता बाई देवांगन ने धार्मिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। कार्यक्रम में आचार्य गोपाल दास वैष्णव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवी पूजन करवाया।

दीपों की जगमगाहट और जसगीतों की मधुर धुनों से मल्दा का वातावरण दिव्य और भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में ग्रामवासी, श्रद्धालु और समिति सदस्य कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और मां लक्ष्मी से सुख-समृद्धि की कामना की।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More