"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

प्रदेशभर में ठगी व चोरी करने वाला शातिर महाठग गिरफ्तार

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की सायबर टीम ने एक ऐसे शातिर महाठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो न केवल जांजगीर-चांपा जिले में, बल्कि दुर्ग, बलौदा बाजार, धमतरी और बालोद जिलों में भी ठगी और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका था। आरोपी की गिरफ्तारी से प्रदेशभर में सक्रिय ऐसे ठगों के गिरोह पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है।

250 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए

पुलिस ने आरोपी की पहचान करने के लिए 250 से अधिक CCTV फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और सटीक साइबर ट्रैकिंग के जरिये आखिरकार पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

आरोपी की पहचान पंचराम निषाद उर्फ पंचू (37 वर्ष), पिता गणेश राम निषाद, निवासी ग्राम चंदेली थाना चन्द्रपुर जिला सक्ती, हाल मुकाम संतोषी मंदिर के पास सरायपाली जिला महासमुंद एवं ग्राम बड़े टेमरी थाना बसना जिला महासमुंद के रूप में हुई है।

बरामद संपत्ति

सायबर टीम ने आरोपी के कब्जे से कुल ₹5,19,930 की चोरी व ठगी की संपत्ति जब्त की —

1. चांदी के जेवर – 1113 ग्राम (कीमत ₹1,66,950)

2. सोने के जेवर – 23.950 ग्राम (कीमत ₹2,96,980)

3. एक स्कूटी – ₹50,000

4. एक मोबाइल फोन – ₹6,000

अपराध का तरीका – “सस्ता माल दिखा, घर लूटा”

आरोपी खुद को सीमेंट, सरिया व ईंट का सस्ता सप्लायर बताकर ग्रामीणों का विश्वास जीतता था।
वह घर के मुखिया को बहाने से बाहर ले जाकर “सौदा तय होने की बात” कहकर पैसे मंगवाता और मौका पाते ही घर में रखे नकदी व जेवर चोरी कर फरार हो जाता।
जब घर खाली मिलता, तो ताले तोड़कर चोरी करता था।
पहचान छुपाने के लिए टोपी, गमछा और बिना नंबर की स्कूटी का इस्तेमाल करता था।

एक के बाद एक खुलासे

थाना नवागढ़, बिर्रा समेत आसपास के कई थानों में दर्ज प्रकरणों की कड़ियों को जोड़कर जब जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह वही आरोपी है जो प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था।
सायबर टीम ने आरोपी को सरायपाली (जिला महासमुंद) से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

कबूलनामे में उगले कई राज

कड़ाई से पूछताछ पर आरोपी ने जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, दुर्ग, धमतरी और बालोद जिलों में करीब दो दर्जन से अधिक वारदातें करने की बात स्वीकार की।
आरोपी पहले भी कई जिलों की जेलों में निरुद्ध रह चुका है और वर्ष 2024 में धमतरी जिला अस्पताल से हथकड़ी खोलकर फरार हो गया था।

पुलिस ने कहा – “प्रदेश के ठगों के नेटवर्क का सिरा पकड़ा”

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी के कब्जे से बरामद संपत्ति की जांच जारी है।
यदि यह अपराध से अर्जित पाई गई, तो आरोपी के खिलाफ अवैध संपत्ति जब्ती की कार्यवाही भी की जाएगी।

टीम को मिला सम्मान

इस बड़ी सफलता पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, नगर पुलिस अधीक्षक योगिता खापर्डे, सायबर प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक सहित थाना नवागढ़ व बिर्रा टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशंसा व पुरस्कार की घोषणा की गई।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More