
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम मिसदा स्थित मिनी स्टेडियम में आज विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लोकसभा जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े द्वारा किया गया।
सांसद श्रीमती जांगड़े ने शुभारंभ अवसर पर कहा कि “खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इससे अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और आत्मविश्वास विकसित होता है।” उन्होंने कहा कि यह खेल महोत्सव ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उनमें खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है। ग्रामीण अंचलों में अपार खेल प्रतिभा है, जिन्हें उचित अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे खेलों में अग्रणी बनकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएं।
महोत्सव में विभिन्न आयु वर्गों के लिए कई रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिनमें — 100 मीटर दौड़ (15 से 19 वर्ष), गेड़ी दौड़, रस्साकसी, वालीबॉल, 100 मीटर दौड़ (19 से 30 वर्ष), गिल्ली-डंडा, खो-खो और कबड्डी शामिल थे। प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सांसद श्रीमती जांगड़े ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष नवागढ़ श्रीमती कान्ता मोहन कश्यप, जनपद सदस्य श्रीमती सुशीला तिवारी, श्रीमती निशा यादव, मिसदा सरपंच सागर कुर्रे, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, लोकेश शुक्ला, सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










