
KPN24:- छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल भारत की एकता के शिल्पकार और लौह पुरुष थे, जिन्होंने देश की रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी।
मुख्यमंत्री ने शास्त्री चौक से शारदा चौक तक आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ भाग लेकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, और ‘विविधता में एकता’ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, पुरंदर मिश्रा, तथा लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










