"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्योत्सव का करेंगे उद्घाटन

KPN24:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव” में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकासपरक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में ‘दिल की बात’ कार्यक्रम से करेंगे, जहां वे जन्मजात हृदय रोग से स्वस्थ हुए बच्चों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे ब्रह्माकुमारी संगठन के “शांति शिखर”, एक आधुनिक ध्यान और आध्यात्मिक शिक्षा केंद्र, का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री नवा रायपुर विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे तथा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर निर्मित यह भवन सौर ऊर्जा और वर्षा जल संचयन प्रणाली से सुसज्जित है।

इसके पश्चात प्रधानमंत्री शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे और ई-बुक “आदि शौर्य” का शुभारंभ करेंगे।

मुख्य कार्यक्रम के रूप में प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव समारोह में भाग लेंगे और सड़क, ऊर्जा, स्वास्थ्य व उद्योग क्षेत्र की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें ग्रीनफील्ड हाईवे, बिजली सबस्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्गों का उन्नयन, तथा विद्युत ग्रिड इंटरकनेक्शन परियोजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 3 लाख परिवारों को ₹1200 करोड़ की राशि जारी करेंगे तथा ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (SVEP) के 12 नए ब्लॉकों का शुभारंभ करेंगे।

औद्योगिक प्रगति को गति देने के लिए वे जांजगीर-चांपा और राजनांदगांव में दो स्मार्ट औद्योगिक क्षेत्रों की आधारशिला रखेंगे और पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों की नींव रखेंगे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी का यह दौरा छत्तीसगढ़ के विकास, आत्मनिर्भरता और नई ऊँचाइयों की दिशा में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More