"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख — सेमरिया गांव के लोगों ने ली शराब न बनाने की शपथ

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम सेमरिया में हाल ही में अवैध कच्ची महुआ शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस के इस एक्शन के बाद अब गांव के लोगों ने खुद आगे आकर सुधार की राह पकड़ ली है।

आज जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय स्वयं SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, जनपद सदस्य रामचरण पाल, श्रवण गोंड़ सहित सबरिया समाज के गणमान्य नागरिकों के साथ गांव पहुंचे और बैठक ली। बैठक में गांव के लोगों ने संकल्प लिया कि अब वे किसी भी स्थिति में अवैध शराब निर्माण या बिक्री नहीं करेंगे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सबरिया समाज के कुछ लोगों द्वारा पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए सड़कों को जानबूझकर खराब कर दिया गया था, ताकि पुलिस गांव तक न पहुंच सके। इसके बावजूद एसपी विजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस ने न केवल अवैध कारोबार पर लगाम लगाई बल्कि समाज के लोगों को मुख्यधारा में जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कदम उठाया है।

एसपी पाण्डेय ने बताया कि अब सबरिया समाज के लोगों को बिहान कार्यक्रम के माध्यम से स्वरोजगार की ओर प्रेरित किया जा रहा है। उन्हें गेंदा की खेती, डिटर्जेंट निर्माण, मशरूम उत्पादन जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं ताकि वे अवैध कार्य छोड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।

आगामी 05 नवम्बर को पामगढ़ सामुदायिक भवन में स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें आसपास के ग्रामीणों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस पहल को जिले में पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयास के रूप में देखा जा रहा है — जहां एक ओर कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो रही है, वहीं दूसरी ओर समाज सुधार की नई मिसाल भी कायम हो रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More