"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2025 के संबंध में आयोजित हुआ प्रशिक्षण

कलेक्टर जन्मेजय महोबे प्रशिक्षण में हुए शामिल:- 04 नवंबर से 04 दिसंबर 2025 तक घर-घर जाकर चलेगा सत्यापन कार्य

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में निर्वाचन कार्य को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2025 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में जिले के सभी तहसीलों में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित प्रक्रियाओं को पूरी तरह समझाना था। अधिकारियों ने बीएलओ को फॉर्म भरने की सटीक विधि, मतदाताओं से संपर्क करने के सही तरीके तथा सूची अद्यतन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अकलतरा एवं पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जांजगीर में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित बीएलओ को संबोधित करते हुए कहा कि “फॉर्म भरते समय किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो, यह सुनिश्चित करें। यदि किसी भी बिंदु पर शंका हो, तो मास्टर ट्रेनर से अवश्य मार्गदर्शन लें।”

कलेक्टर ने एसआईआर से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की और बीएलओ की जिज्ञासाओं का सहज एवं व्यावहारिक समाधान भी दिया।

प्रशिक्षण में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2025 के उद्देश्य, इसकी आवश्यकता, प्रथम चरण की तैयारियां, द्वितीय चरण में गणना प्रपत्र (ईएफ) के वितरण एवं संकलन से जुड़ी प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, बीएलओ एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More