
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जय धोलकिया के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “उत्तम ओड़िशा विकसित हो, यह हम सबका संकल्प है।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है और हम सब उस परिवर्तन के साक्षी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ओड़िशा और छत्तीसगढ़ का नाता सदियों पुराना और अत्यंत मजबूत रहा है। दोनों राज्यों की संस्कृति, परंपरा और आस्था में गहरा संबंध है तथा हम सब पर भगवान श्रीजगन्नाथ का अपार आशीर्वाद है।
उन्होंने पूर्ववर्ती बीजेडी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय राज्य का विकास ठप पड़ गया था और जनता के मन में यह प्रश्न उठता था कि यहाँ के मुख्यमंत्री नवीन बाबू हैं या पांडियन? लेकिन अब मुख्यमंत्री मोहन मांझी के नेतृत्व में ओड़िशा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा की सरकार ने सदैव जनजातीय समाज का सम्मान किया है। यही कारण है कि आज देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जैसी आदिवासी महिला राष्ट्रपति के रूप में कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मैं स्वयं और मुख्यमंत्री मांझी, दोनों इसी समाज से आते हैं और सेवा के भाव से जनता के बीच कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मांझी कैबिनेट में 4 जनजातीय विधायकों को शामिल किया गया है। नुआपाड़ा के विकास के लिए राज्य सरकार ने अब तक 1101 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है, जिसमें से 800 करोड़ रुपये जल परियोजनाओं पर व्यय किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ओड़िशा और छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में डबल इंजन की सरकार कार्यरत है और इसका लाभ हर वर्ग तक पहुँच रहा है। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना और ओड़िशा में सुभद्रा योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
नक्सलवाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की सरकारें मिलकर इस चुनौती के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई कर रही हैं, और अब हम नक्सलवाद मुक्त क्षेत्र की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने जनता से अपील की कि वे पूर्व विधायक स्व. राजेन्द्र धोलकिया के पुत्र जय धोलकिया को समर्थन देकर “उत्तम ओड़िशा” के संकल्प को साकार करें।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ओड़िशा सह प्रभारी लता उसेंडी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, विधायक पुरंदर मिश्रा और रोहित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










