
KPN24:- जांजगीर-चांपा पुलिस एक बार फिर सतर्क मोड में है। शनिवार सुबह जिला अस्पताल जांजगीर से धोखाधड़ी के मामले में विचाराधीन बंदी के फरार होने की घटना ने प्रशासन को हिला दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना नवागढ़ के धोखाधड़ी प्रकरण में आरोपी पंचराम निषाद उर्फ पंचू पिता गणेश राम निषाद (उम्र 37 वर्ष), निवासी चंदेरी थाना चंद्रपुर, हाल मुकाम संतोषी मंदिर के पास सरायपाली, जिला महासमुंद को कुछ दिन पूर्व गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। वह जिला जेल खोखरा में निरुद्ध था। इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए जाने पर उसने जेल प्रहरी को चकमा देकर सुबह लगभग 10 बजे फरार हो गया।
पुलिस ने चारों दिशाओं में शुरू की खोजबीन
घटना की सूचना मिलते ही जांजगीर-चांपा पुलिस ने सरहदी क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है। साथ ही फरार बंदी की तलाश में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें शक्ति, रायगढ़ और महासमुंद जिलों की ओर रवाना किया गया है।
इसके अतिरिक्त GRP और RPF पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने फरार बंदी के संभावित ठिकानों पर दबिश की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
लापरवाही पर गिरी गाज
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी की फरारी में जेल प्रहरी की गंभीर लापरवाही पाई गई है। इस पर जेल अधीक्षक ने संबंधित प्रहरी को तत्काल निलंबित कर दिया है।
फरार विचाराधीन बंदी के खिलाफ धारा 262 BNS के तहत थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध पंजीबद्ध किया जा चुका है।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि फरार बंदी पंचराम निषाद के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले, तो तुरंत निम्नलिखित नंबरों पर सूचना दें—
📞 CSP जांजगीर योगिता बाली खापर्डे – 9479274047
📞 पुलिस कंट्रोल रूम – 9479193199
📞 थाना जांजगीर – 9479193107, 9399838762
📞 थाना नवागढ़ – 9479193118










