
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में विचाराधीन बंदी के फरार होने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल प्रशासन ने संबंधित प्रहरी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
धोखाधड़ी के मामले में आरोपी पंचराम निषाद उर्फ पंचू पिता गणेशराम निषाद, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम चंदेली थाना चंद्रपुर, हाल मुकाम संतोषी मंदिर के पास, सरायपाली जिला महासमुंद, जिला जेल खोखरा भांठा जांजगीर में विचाराधीन अवस्था में निरुद्ध था।
आरोपी को उपचार हेतु जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया था, जहां ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी भुनेश्वर सिंह पैकरा की गंभीर लापरवाही के कारण दिनांक 08 नवम्बर 2025 को उक्त बंदी अस्पताल से फरार होने में सफल हो गया।
इस घटना को गंभीर मानते हुए कार्यालय पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा से संबंधित प्रहरी की लापरवाही पर प्रतिवेदन भेजा गया था, जिसके आधार पर विभागीय जांच उपरांत जेल प्रहरी भुनेश्वर सिंह पैकरा को सेवा से पृथक (बर्खास्त) करने की कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, तथा फरार बंदी की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयासरत है।











