
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना नवागढ़ पुलिस ने अस्पताल परिसर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने वाले आरोपी ज्वाला सिंह पिता रघुराज सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम महंत को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 296, 121(2), 221, 132, 324(4) BNS के तहत कार्यवाही की गई है।
घटना का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूचक पृतिक राठौर ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 18 नवंबर 2025 को दोपहर लगभग 2:30 बजे, वह आरोग्य अस्पताल महंत में मरीजों के टीवी सैंपल को जिला अस्पताल जांजगीर भेजने हेतु पैकिंग कर रहा था। इसी दौरान ग्राम महंत निवासी ज्वाला सिंह अस्पताल के भीतर घुस आया।
आरोपी ने शिकायतकर्ता से कहा कि “तुम मेरे खिलाफ पहले थाना में रिपोर्ट किए हो” कहकर जान से मारने की धमकियाँ दीं और अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे डंडे से उस पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान अस्पताल स्टाफ द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपी ने उन्हें भी धमकियाँ दीं।
झूमाझटकी के दौरान आरोपी ने प्रार्थी का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया और प्रार्थी को चोट भी आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश शेन्डे के नेतृत्व में तुरंत टीम रवाना की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ज्वाला सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में—निरीक्षक कमलेश शेन्डे (थाना प्रभारी नवागढ़), प्रधान आरक्षक मथुरा केशी, आरक्षक रमेश भारद्वाज, आरक्षक चंद्रमणि कश्यप, तथा अन्य थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण और सराहनीय योगदान रहा।










