"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री ने यूनिटी मार्च के लिए युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

KPN24:- छत्तीसगढ़ में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के 68 युवाओं का दल आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह दल छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय, रायपुर से गुजरात के लिए प्रस्थान हुआ। युवा सरदार पटेल की कर्मभूमि करमसद से केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक की पदयात्रा में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों और ब्रिटिश शासन के अधीन क्षेत्रों को जोड़कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदृष्टि ने देश को एक सूत्र में बांधा। उन्होंने हाल ही में केवड़िया में आयोजित भारत पर्व में शामिल होने के अपने अनुभव साझा किए और बताया कि वहाँ भारत की सांस्कृतिक एकता की अनोखी झलक और छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत को देखने का अवसर मिला।

उन्होंने बताया कि 26 नवम्बर से 06 दिसम्बर तक चलने वाले यूनिटी मार्च में छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ देशभर के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को अद्वितीय बताते हुए युवाओं को पदयात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि रियासतों के विलय का कार्य भारत की एकता का मजबूत आधार बना।

जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रेरित किया।

कार्यक्रम में रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय, जी. वेंकट राव, श्याम नारंग, राहुल टिकरिया, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More