"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कलेक्टर का अमरताल धान संग्रहण केंद्र पर औचक निरीक्षण- व्यवस्थाओं में लापरवाही पर नाराज़गी, तुरंत सुधार के दिए सख्त निर्देश

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज अमरताल धान संग्रहण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान उठाव में धीमी प्रगति और अव्यवस्थित प्रबंधन देखकर उन्होंने समिति प्रबंधक पर नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान उठाव निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए। इसके अलावा मिलर्स से चर्चा कर धान उठाव की गति तेज करने को भी कहा। वहीं मजदूरों का भुगतान समय पर करने की कड़ी चेतावनी दी।

पकरिया झूलन एवं भदरा खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण
कलेक्टर ने आगे पकरिया झू और भदरा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आद्रता मापने की मशीन, तौल उपकरण और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान उपस्थित किसानों से बातचीत कर एग्रीस्टैक पंजीयन में आ रही समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारी को मौके पर ही फोन कर तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता के निर्देश
कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि तौल और खरीदी प्रक्रिया पूर्ण होते ही किसानों को तुरंत जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि रकबा समर्पण का कार्य शीघ्रता से और निरंतर किया जाए तथा खरीदी के बाद शेष रकबा सहमति पत्र के आधार पर ही समर्पित कराया जाए।

किसानों की सुविधाएँ सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर महोबे ने केंद्रों में पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था, शेड, शौचालय और सुरक्षित स्टैकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हाईवे से केंद्र तक पहुँचने वाले मार्ग पर साइन बोर्ड और स्टॉपर लगाने को कहा।

उन्होंने दोहराया कि खरीदी व्यवस्था को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More