
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में प्रस्तावित आजीविका ऋण मेला एवं रोजगार मेला के सफल आयोजन को लेकर आज कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली और तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं, ताकि लाभार्थियों को ऋण, रोजगार तथा उद्यमिता के नए अवसर सहजता और प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने निजी औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर स्थानीय युवाओं की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सर्विस प्रोवाइडर एवं आउटसोर्स कंपनियाँ स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दें, जिससे जिले के अधिक से अधिक युवा रोजगार से जुड़ सकें। साथ ही दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत आजीविका ऋण मेलों को जनपद पंचायतवार आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ एवं ग्रामीणों को स्व-रोजगार से जोड़ना, बैंक ऋण वितरण में वृद्धि, क्रेडिट लिंकज को मजबूत करने के साथ वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता, नए बैंक खाते खोलने, बीमा क्लेम, और बैंकिंग संबंधित समस्याओं के समाधान पर भी विशेष फोकस रहेगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










