
KPN24 :- राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (NCRB) से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना पामगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से फेसबुक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील वीडियो अपलोड कर प्रसारित किया गया था। मामले में आरोपी के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 67 (बी) एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 14 के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में महिलाओं एवं नाबालिग बच्चों के विरुद्ध घटित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो द्वारा 24 घंटे फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखी जा रही है। बाल अश्लीलता से संबंधित वीडियो देखने, पोस्ट करने अथवा साझा करने वालों की जानकारी संबंधित जिले की साइबर सेल को भेजी जाती है, जिस पर जिला पुलिस द्वारा त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना पामगढ़ पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए
आरोपी – संदीप सैनी, पिता धरमपाल सैनी, उम्र 30 वर्ष, निवासी थानाभवन वार्ड क्रमांक 07, थाना थानाभवन, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा फेसबुक सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील वीडियो अपलोड कर प्रसारित किया जाना पाया गया।
जांजगीर पुलिस की अपील
पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की अश्लील फोटो या वीडियो साझा न करें। साइबर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया साइट्स पर ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
सोशल मीडिया पर किया गया कोई भी पोस्ट या संदेश व्यक्तिगत नहीं होता, बल्कि वह एक से अनेक लोगों तक प्रसारित होता है। किसी भी फोटो, वीडियो या संदेश को फॉरवर्ड करने से पूर्व उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें, असत्य अथवा संदिग्ध सामग्री को साझा न करें।
सायबर सेल पुलिस जांजगीर द्वारा सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो एवं वीडियो पोस्ट करने वालों के विरुद्ध साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उपरोक्त कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा (थाना प्रभारी पामगढ़), सउनि सरोज पाटले, प्रआर विवेक सिंह (सायबर सेल), आरक्षक विश्वजीत आदिले एवं थाना पामगढ़ स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










