
नियमों की अनदेखी पर कलेक्टर सख्त, समिति प्रबंधक व प्रभारी हटाने के निर्देश
जांजगीर-चांपा | 25 दिसंबर 2025 | KPN24.com खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने गुरुवार को सिवनी (नैला), बोड़सरा, जावलपुर एवं बलौदा स्थित धान खरीदी केंद्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपार्जन कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बोड़सरा धान खरीदी केंद्र में लगभग 95 बोरी अवैध धान पाया गया, जिसका न तो टोकन कटा हुआ था और न ही पीवी ऐप अथवा अन्य किसी रजिस्टर में कोई प्रविष्टि दर्ज थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अवैध धान को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इस पर कलेक्टर ने खरीदी केंद्र प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ धान खरीदी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकरण को गंभीर मानते हुए बोड़सरा समिति के प्रबंधक एवं प्रभारी को हटाने के निर्देश सहकारिता विभाग के अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर एवं एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने आवंटित उपार्जन केंद्रों में साप्ताहिक पीवी (भौतिक सत्यापन) अनिवार्य रूप से पूर्ण करें एवं उसकी समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही धान की स्टैकिंग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सभी खरीदी केंद्रों में किसानों की मूलभूत सुविधाओं—बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, छाया व्यवस्था, पेयजल, बैठने की सुविधा एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर खाद्य अधिकारी कौशल साहू, डीएमओ रमेश लहरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










