"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नर्मदा एक्सप्रेस में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना: 15 दिन के नवजात को ट्रेन में छोड़कर फरार हुई महिला

KPN24 :- छुक-छुक करती पटरियों पर दौड़ती नर्मदा एक्सप्रेस बुधवार को एक ऐसी सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना की गवाह बनी, जिसने मां–बच्चे के पवित्र रिश्ते पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। दोपहर करीब 4 बजे चलती ट्रेन में एक रहस्यमयी महिला ने नवजात को एक सहयात्री के भरोसे छोड़ दिया और फिर कभी लौटकर नहीं आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अनूपपुर निवासी कांति पनिका नर्मदापुरम से भोपाल की ओर यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनके पास बैठी करीब 30 वर्षीय एक महिला ने बातचीत के दौरान भरोसा जीत लिया। कुछ समय बाद महिला ने अपनी गोद में रो रहे महज 15 दिन के नवजात को कांति की बाहों में थमाते हुए कहा कि वह टॉयलेट होकर आती है। मानवता के नाते कांति ने बच्चे को संभाल लिया, लेकिन यही भरोसा एक बड़ी साजिश निकला।
काफी देर तक इंतजार के बाद भी महिला वापस नहीं लौटी। ट्रेन के कई स्टेशनों पर रुकने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। घबराई कांति ने पूरी ट्रेन में तलाश की, यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन महिला जैसे हवा में गायब हो चुकी थी। आखिरकार कांति नवजात को लेकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन उतरीं और होटल पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोलार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को अपने संरक्षण में लिया। नवजात की हालत देखकर पुलिसकर्मियों की आंखें भी नम हो गईं। फिलहाल बच्चा सुरक्षित है और उसकी देखरेख की जा रही है।
अब पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हैं—
क्या फरार महिला बच्चे की सगी मां थी?
या यह कोई सुनियोजित अपहरण/तस्करी का मामला है?
इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस ने नर्मदापुरम से भोपाल तक सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। संदिग्ध महिला की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More