
3 लाख नकद व 17 लाख के सोना-चांदी के आभूषण जब्त, पुलिस ने किया गिरोह का भंडाफोड़
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- खरगोन जिले के बेड़िया क्षेत्र में सराफा व्यापारियों को निशाना बनाकर की जा रही एक बड़ी ठगी का पुलिस ने खुलासा किया है। बेड़िया स्थित सोम्य ज्वेलर्स के संचालक दीपक मुछाल के साथ करीब एक माह पूर्व हुई 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 17 लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण एवं 3 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
गुरुवार को पुलिस ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को दो व्यक्ति ग्राहक बनकर सराफा दुकान पर पहुंचे थे। शिकायतकर्ता व्यापारी ने बताया कि दोनों आरोपी इससे पहले भी तीन-चार बार उनकी दुकान पर आकर सोने के आभूषणों की खरीदी-बिक्री कर चुके थे, जिससे उन पर भरोसा हो गया था।
शादी का झांसा देकर की ठगी
घटना वाले दिन आरोपियों ने स्वयं को हरियाणा का निवासी बताते हुए कहा कि उन्हें लड़की की शादी के लिए सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि की जरूरत है। दोनों आरोपियों के पास 230 ग्राम वजनी 23 सोने की पुतलियां थीं। इसके बदले में व्यापारी ने उन्हें लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण एवं नकद राशि दे दी। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि वे 10 दिन के भीतर उन पुतलियों का पूरा भुगतान कर देंगे।
आरोपियों के जाने के बाद जब व्यापारी ने पुतलियों की जांच करवाई, तो वे नकली सोने की निकलीं। इसके बाद आरोपियों की तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
सीसीटीवी से मिली अहम कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेड़िया पुलिस ने दुकान और आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि दोनों संदेही पिथमपुर में रह रहे थे और वारदात के बाद किराए का कमरा खाली कर फरार हो गए थे।
जांच में आरोपियों की पहचान—
धर्मेन्द्र पिता राजवीर, निवासी जौनाई, थाना जेत, जिला मथुरा (उ.प्र.), हाल निवासी सताजना
बिजेन्द्र पिता राजकुमार, निवासी सोहना, थाना सोहना, जिला गुरुग्राम (हरियाणा), हाल निवासी सताजना
के रूप में हुई।
एक साथ दबिश, दोनों आरोपी गिरफ्तार
प्राप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी बेड़िया उनि धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में, साइबर सेल की सहायता से दो अलग-अलग पुलिस टीमों ने एक साथ आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने सफलतापूर्वक दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 17 लाख रुपये के आभूषण और 3 लाख रुपये नकद जब्त किए।
ऐसे करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने गिरोह के साथ अलग-अलग स्थानों पर नाम बदलकर रहते हैं। पहले सराफा दुकानों पर नियमित लेन-देन कर विश्वास जीतते हैं। जब व्यापारी पूरी तरह भरोसा कर लेते हैं, तब किसी मजबूरी का बहाना बनाकर नकली सोने को असली बताकर कम दाम में सौदा करते हैं और फिर फरार हो जाते हैं।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी बेड़िया उनि धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में सउनि पूनमचंद पवार, प्र.आर. महिपाल पेंडारे, प्र.आर. राजेंद्र चौहान, आरक्षक राजीव गुर्जर, देविसिंह चौहान, कैलाश सागरिया, लोकेन्द्र गुर्जर, चन्द्रपाल, नीरज, राहुल, अभिनाश, रामसेवक सहित साइबर सेल टीम से उनि दीपक तलवारे, प्र.आर. आशीष अजनारे, आरक्षक सचिन चौधरी एवं मगन अलावा का विशेष योगदान रहा










