
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर।
KPN24:- विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल जिला ब्रह्मपुर द्वारा नगर में भव्य एवं अनुशासित शौर्य संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा आराध्य भगवान श्रीराम-जानकी एवं भारत माता के चित्र पर पूजा-अर्चना कर की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता मालवा प्रांत मंत्री विनोद शर्मा उपस्थित रहे। मंच पर जिला अध्यक्ष प्रेम पटेल, जिला उपाध्यक्ष संतोष पंडित, जिला मंत्री युवराज पाटिल, जिला संयोजक सुनील गांठे सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि विनोद शर्मा का स्वागत बजरंग दल की टोली द्वारा दुपट्टा पहनाकर किया गया।
मुख्य वक्ता विनोद शर्मा ने अपने संबोधन में शौर्य संचलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी ढांचे का विध्वंस हिंदू समाज की आस्था से जुड़े एक ऐतिहासिक संघर्ष का परिणाम था। श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन ने संपूर्ण हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया और यह न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया का सबसे बड़ा जनआंदोलन बना। उन्होंने कहा कि यह धर्म, सत्य और न्याय की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने आगे लव जिहाद, लैंड जिहाद, गौ-तस्करी एवं आदिवासी समाज के धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर भी प्रकाश डालते हुए समाज को जागरूक रहने का आह्वान किया तथा अखंड भारत के निर्माण में क्रांतिकारियों की भूमिका को भी रेखांकित किया।
जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख दिनेश राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का संचालन हरेश्वर पाटिल ने किया, प्रार्थना दिलीप इंगले द्वारा प्रस्तुत की गई, एकल गीत योगानंद राठौड़ ने गाया तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष किशोर यादव ने किया।
शौर्य संचलन में विहिप एवं बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता गणवेश में शामिल हुए। इस दौरान विभाग मंत्री निलेश महाजन, संयोजक आदित्य मेहता, विशेष संपर्क प्रमुख योगेश्वर चौधरी, सह मंत्री अजय चंद्रे, सेवा प्रमुख राजेंद्र पाल, सह संयोजक विनोद जैसवाल सहित समाज व राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर मंच लगाकर पुष्पवर्षा से संचलन का स्वागत किया।
शौर्य संचलन गणेश विद्यालय से प्रारंभ होकर पांडुमल चौराहा, राजपुरा, शिवकुमार चौराहा, जय स्तंभ, सुभाष चौक, फव्वारा चौक, अग्रसेन चौक सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर जिले एवं प्रखंड स्तर के सभी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










