
जांजगीर-चांपा | 26 दिसंबर 2025 | KPN24.com जांजगीर-चांपा जिले में घरेलू हिंसा एवं पत्नी के रहते दूसरी शादी करने के गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सख्त कदम उठाते हुए एक आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक डण्डेश्वर बंजारे, जो वर्तमान में रक्षित केंद्र जांजगीर में पदस्थ है, के विरुद्ध उसकी पत्नी द्वारा घरेलू हिंसा तथा वैवाहिक नियमों के उल्लंघन संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पत्नी के जीवित रहते हुए आरक्षक ने दूसरी शादी की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए महिला डीएसपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूर्ण होने तक आरक्षक निलंबन की स्थिति में रहेगा। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि दोष सिद्ध होने की स्थिति में आगे और कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।










