
KPN24.com मनीष विद्यार्थी खरगोन
खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोमाखेड़ी में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। शुक्रवार शाम पति-पत्नी के बीच खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने बेरहमी से पत्नी की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमाखेड़ी निवासी रामदेव पिता केसिया भावर ने अपनी पत्नी निर्मला बाई (उम्र 40 वर्ष) के साथ खाना बनाने की बात को लेकर गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों और लातों से गंभीर मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी पत्नी को अधमरी हालत में घर पर छोड़कर फरार हो गया। गंभीर चोटों के चलते निर्मला बाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा के निर्देशन एवं एसडीओपी मंडलेश्वर श्रीमती श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दीपक यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया, मुखबिरों को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए मंडलेश्वर पुलिस ने हत्या के अगले ही दिन 24 घंटे के भीतर आरोपी रामदेव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रवीण निकुम, सहायक उप निरीक्षक रमेश वास्कले, लक्ष्मीनारायण बडोदिया, प्रधान आरक्षक संजय, दिनेश, अनिल, आरक्षक अभिषेक, अमित, राजू, मनोज, गब्बर, राजकुमार, थाना स्टाफ सहित एफएसएल अधिकारी डॉ. सुनील मकवाना एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।










