"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

35 लाख के बैंक लोन से बचने पत्नी को मारने की साजिश, फिनायल पिलाकर हत्या का प्रयास

सतना में घरेलू हिंसा और आर्थिक लालच का सनसनीखेज मामला, आरोपी पति गिरफ्तार

KPN24:- आर्थिक लालच और घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सतना जिले से सामने आया है, जहां 35 लाख रुपये के बैंक लोन से बचने के लिए एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली। नशे की हालत में आरोपी ने फिनायल की गोलियां पीसकर पानी में मिलाईं और जबरन पत्नी को पिला दिया। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बगहा निवासी अनुराग त्रिपाठी ने अपनी पत्नी पूर्णिमा त्रिपाठी के नाम से “रूदा इंटरप्राइजेज” नामक फर्म पंजीकृत कराई थी। इसी फर्म के नाम पर उसने करीब 35 लाख रुपये का बैंक लोन लिया। पीड़िता का आरोप है कि लोन की पूरी राशि पति ने स्वयं उपयोग कर ली, जबकि कानूनी जिम्मेदारी पत्नी के नाम पर छोड़ दी गई।
नशे में मारपीट के बाद उठाया जानलेवा कदम
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 28 दिसंबर की रात आरोपी पति शराब के नशे में घर आया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की, जिससे चेहरे और मुंह पर गंभीर चोटें आईं।
इसके बाद 29 दिसंबर की सुबह करीब 10:30 बजे विवाद दोबारा बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अनुराग त्रिपाठी ने बाथरूम में रखी फिनायल की गोलियों को पीसकर पानी में मिलाया और पत्नी को जबरन पिला दिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने कहा कि “तेरे मरने के बाद 35 लाख का लोन माफ हो जाएगा।”
बिरला अस्पताल में कराया गया उपचार
फिनायल युक्त पानी पीने के बाद पूर्णिमा की तबीयत अचानक बिगड़ गई और लगातार उल्टियां होने लगीं। होश में आने पर उन्होंने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें बिरला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
पहले भी करता रहा है मारपीट
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद से ही आरोपी पति द्वारा लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जाती रही है। इससे पहले भी मारपीट की शिकायत थाना जसो में दर्ज कराई जा चुकी है। पीड़िता ने पुलिस को पुरानी चोटों की तस्वीरें भी सौंपी हैं।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी अनुराग त्रिपाठी पिता सोहन त्रिपाठी, मूल निवासी पिंडरा, थाना मझगवां, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत विवेचना की जा रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More