"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर महोबे

औचक निरीक्षण में अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भदरा, डोंगाकोहरौद, धनगांव तथा अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटगढ़ एवं बरगंवा स्थित धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

खरीदी केंद्र डोंगाकोहरौद में समिति प्रबंधक के अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को तत्काल शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य धान उपार्जन केंद्रों में भी अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समितियों में धान की स्टैकिंग निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन केंद्रों में मापदंडों के अनुरूप स्टैकिंग नहीं पाई गई, वहां शीघ्र सुधार के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में धान खरीदी के दौरान हर स्तर पर शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार्य नहीं होगी।
कलेक्टर श्री महोबे ने उपार्जन केंद्रों की नियमित एवं सतत मॉनिटरिंग करने तथा प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्रों पर उपस्थित किसानों से संवाद कर टोकन प्रणाली, धान तौल प्रक्रिया, भुगतान की स्थिति एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More