"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर राइस मिल में छापा, 56 हजार से अधिक बोरी धान जब्त

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में अवैध धान भंडारण एवं अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में विकासखंड नवागढ़ के ग्राम पंचायत नेगुरडीह स्थित श्री हरि राइस मिल में खाद्य विभाग की टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की गई।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान राइस मिल के प्रोपराइटर झामलाल साहू मौके पर उपस्थित थे। जांच के समय मिल के रिकॉर्ड संधारण में गंभीर गड़बड़ी तथा मिल संचालन में अनियमितताएं पाई गईं। जांच उपरांत मिल परिसर से 56 हजार 417 बोरी धान जब्त की गई, जिसका कुल वजन 22,566.80 क्विंटल आंका गया है।
कलेक्टर श्री महोबे के निर्देश पर जिले में कोचियों, बिचौलियों एवं राइस मिलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित सत्यापन के साथ-साथ आकस्मिक छापामार कार्रवाई लगातार की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में अवैध धान को समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था में खपाने नहीं दिया जाएगा।
इस लक्ष्य को सुनिश्चित करने के लिए राजस्व, खाद्य, मंडी एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम लगातार गश्त कर रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More