
होम सर्विस ऐप की बुकिंग, बहस और फिर हाथापाई—वीडियो वायरल
KPN24:- जिस मसाज से सुकून मिलने की उम्मीद थी, वही तनाव और बवाल की वजह बन गई। मुंबई के वडाला इलाके में होम मसाज सर्विस बुक करने का एक मामला देखते-देखते विवाद और हाथापाई में बदल गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अब यह मामला चर्चा का विषय बन चुका है।
जानकारी के मुताबिक, 46 वर्षीय महिला ने कंधे की अकड़न से राहत पाने के लिए एक नामी ऑनलाइन ऐप के जरिए घर पर मसाज सर्विस बुक की थी। तय समय पर महिला थैरेपिस्ट घर पहुंची, लेकिन मसाज शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा गया।
ग्राहक महिला का आरोप है कि थैरेपिस्ट अपने साथ बड़ा मसाज बेड लेकर आई थी, जिसे घर में लगाने पर उसने आपत्ति जताई। इसके साथ ही, थैरेपिस्ट के व्यवहार को लेकर भी असहजता जताई गई। बात बढ़ी तो महिला ने तुरंत सेशन कैंसिल कर ऐप पर रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी।
यहीं से विवाद ने तूल पकड़ लिया। कहासुनी तेज हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
हालांकि अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटना ने होम सर्विस ऐप्स की कार्यप्रणाली, प्रोफेशनल आचरण और ग्राहक-सेवा संबंधों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सवाल यही है—क्या घर तक पहुंची सुविधा, अब घर की शांति के लिए खतरा बनती जा रही है?










