"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों का अंतिम रिहर्सल :- वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी होंगे मुख्य अतिथि

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए आज शासकीय हाई स्कूल मैदान में परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अंतिम रिहर्सल सम्पन्न हुआ।

रिहर्सल के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने मौके पर उपस्थित रहकर तैयारियों का निरीक्षण किया।
अंतिम रिहर्सल के अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। रिहर्सल के दौरान परेड, पी.टी. एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का भी अभ्यास कराया गया।
रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि के मंच आगमन से लेकर परेड, मार्च-पास्ट की सलामी एवं कार्यक्रम के समापन तक सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। परेड में सम्मिलित विभिन्न टुकड़ियों ने देशभक्ति धुनों के साथ अनुशासित मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभागीय झांकियों की तैयारियों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
जिले में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More