
KPN24:- छत्तीसगढ़ राज्य का नक्सल प्रभावित क्षेत्र कोंडागांव की होनहार बेटी योगिता मंडावी ने जूडो खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर वर्ष 2025 का प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हासिल कर न सिर्फ अपने जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि राज्य के लिए गर्व का क्षण है।
योगिता मंडावी की इस ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत छत्तीसगढ़ की लाखों बेटियों के सपनों की जीत है। उन्होंने कहा कि योगिता की मेहनत, अनुशासन और समर्पण आज के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में विश्वास जताया कि योगिता भविष्य में भी इसी तरह देश और प्रदेश का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित करती रहेंगी। साथ ही उन्होंने योगिता के उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
योगिता मंडावी की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि संघर्ष और संकल्प के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों।










