
KPN24:- जांजगीर-चांपा में भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रतीक 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का पर्व विजन पैरामेडिकल नवागढ़ में बड़े ही देशभक्तिपूर्ण उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। यह अवसर संस्था परिवार एवं विद्यार्थियों के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विजन पैरामेडिकल के संचालक दिलीप भारद्वाज एवं प्राचार्य अरविंद टंडन द्वारा तिरंगा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान गाकर मातृभूमि के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रों द्वारा देशभक्ति नृत्य, राष्ट्र को समर्पित हिंदी कविताओं का पाठ एवं देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थितजनों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संचालक दिलीप भारद्वाज ने भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी अनूठी विशेषताओं एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों एवं युवा पीढ़ी के लिए संविधान को समझना आवश्यक है, क्योंकि यही भविष्य में जीवन को सही दिशा देने का मार्गदर्शक है।
वहीं प्राचार्य अरविंद टंडन ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ और इसी के साथ भारत को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र होने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय दें और संविधान एवं नैतिक मूल्यों पर उनसे संवाद करें, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उन्हें सही मार्गदर्शन देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को मिठाइयों का वितरण किया गया। इस दौरान संस्था परिसर में उत्साह, उल्लास और देशभक्ति से ओतप्रोत खुशनुमा माहौल बना रहा।










