"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य समापन: 15 हजार से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं का सम्मान

चित्रकला व निबंध के माध्यम से बच्चों ने दिया ऊर्जा बचत का सशक्त संदेश

रायपुर | 07 फरवरी 2026 | KPN24.com

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा आयोजित सात दिवसीय प्रदेशव्यापी रजत महोत्सव का आज भव्य समापन हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन के तहत प्रदेश भर में 660 स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर 15 हजार से अधिक सजग विद्युत उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया।
रजत महोत्सव के दौरान विद्युत क्षेत्र में विगत 25 वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाती विद्युत विकास यात्रा प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने उपभोक्ताओं को राज्य के ऊर्जा सफर से रू-ब-रू कराया। इन आयोजनों में एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने बताया कि 30 जनवरी से 6 फरवरी तक कंपनी के आठ क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत 535 वितरण केंद्रों, 68 संभागीय कार्यालयों एवं क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नियमित विद्युत देयक जमा करने वाले घरेलू एवं गैर-घरेलू उपभोक्ता, एकल बत्ती कनेक्शन धारक, कृषक जीवन ज्योति योजना, पीएम जनमन योजना एवं पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
महोत्सव के तहत विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन छात्रों के बीच ऊर्जा संरक्षण को लेकर चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से बिजली बचत और ऊर्जा संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए नई परियोजनाओं पर निरंतर कार्य किया जा रहा है, ताकि आने वाले दशकों की ऊर्जा आवश्यकताओं की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित की जा सके। रजत महोत्सव के माध्यम से राज्य शासन की मंशा अनुरूप छत्तीसगढ़ के ऊर्जा क्षेत्र में हुई ऐतिहासिक प्रगति को जन-जन तक पहुंचाया गया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More