
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को डिजिटल रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व की सहमति से भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे ने जिले के विभिन्न विधानसभाओं में आईटी प्रकोष्ठ के मंडल संयोजकों की नियुक्ति की घोषणा की है।
यह नियुक्तियां प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, आईटी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक अमन शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा तथा प्रदेश मंत्री एवं खरगोन जिला प्रभारी संगीता सोनी की सहमति से की गई हैं।
इन विधानसभाओं में हुई नियुक्तियां
विधानसभावार खरगोन, बड़वाह, भीकनगांव, महेश्वर, कसरावद एवं भगवानपुरा क्षेत्र के 28 मंडलों में आईटी प्रकोष्ठ के मंडल संयोजकों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डिजिटल मोर्चे पर आक्रामक रणनीति
जिलाध्यक्ष श्रीमती ब्राह्मणे ने स्पष्ट कहा कि भाजपा अब बूथ से लेकर सोशल मीडिया तक संगठन को तकनीकी रूप से मजबूत करने के मिशन पर है। मंडल स्तर पर आईटी संयोजकों की नियुक्ति का उद्देश्य पार्टी की डिजिटल उपस्थिति को सुदृढ़ करना और हर वर्ग तक सीधे संवाद स्थापित करना है।
आईटी सेल जिला संयोजक शुभम जायसवाल ने बताया कि नियुक्त किए गए संयोजक स्थानीय स्तर पर पार्टी की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएंगे। साथ ही विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक नैरेटिव का तथ्यात्मक जवाब देने और मतदाताओं से डिजिटल माध्यम से निरंतर संवाद बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगे।
संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम आगामी चुनावी रणनीति को देखते हुए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। भाजपा संगठन अब पारंपरिक जनसंपर्क के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी पूरी ताकत से सक्रिय नजर आ रहा है।










